आगजनी और तोड़फोड़ मामले में पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को 3 साल की सजा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित व्यापार कर भवन में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और आगजनी करने के 28 साल पुराने मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। एमपी-एमएलए मामलों के विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल की अदालत ने मंगलवार को पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल समेत तीन दोषियों को 3-3 साल के कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कोर्ट ने प्रत्येक दोषी पर 36-36 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
17 नवंबर को दोषी करार देकर भेजा गया था जेल
अदालत ने इस प्रकरण में बनवारी लाल कंछल के साथ-साथ हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को भी दोषी ठहराया है। इससे पहले 17 नवंबर को कोर्ट ने तीनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए अदालत ने 24 नवंबर की तारीख तय की थी। मंगलवार को सुनवाई पूरी होने के बाद विशेष न्यायाधीश ने तीनों दोषियों को तीन-तीन साल की कैद की सजा सुनाई।
क्या था 12 अगस्त 1998 का पूरा मामला?
यह मामला 12 अगस्त 1998 का है। आरोपों के अनुसार, हजरतगंज स्थित व्यापार कर भवन में घुसकर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी। इस घटना के बाद हजरतगंज कोतवाली में बनवारी लाल कंछल समेत उनके व्यापारी साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। करीब 28 वर्षों तक चली लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद अब अदालत ने तीनों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है।
