22 को भारत आ रहे नेपाल के PM बालेंद्र शाह, पीएम मोदी से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

0
pm balendra shah
नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा यह दौरा 27 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।
34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचेंगे दिल्ली
जानकारी के मुताबिक, बालेंद्र शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस की फ्लाइट से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके साथ 34 सदस्यीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आ रहा है, जिसमें नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर समेत कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा एक अलग व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी इस दौरे में शामिल होगा।
राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात
मात्र 25 घंटे की इस यात्रा के दौरान बालेंद्र शाह कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे। वे भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। वहीं, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता होगी। पीएम मोदी नेपाली प्रधानमंत्री के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज का आयोजन भी करेंगे। इससे इतर, भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी बालेंद्र शाह से भेंट करेंगे।
व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा
दोनों देशों के बीच होने वाली इस उच्च-स्तरीय बातचीत में भारत-नेपाल संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से व्यापार, पारगमन (ट्रांजिट), ऊर्जा, परिवहन, जल संसाधन, निवेश और भौतिक व डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर जोर रहेगा। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अंतरिक्ष, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में कई अहम समझौता ज्ञापनों (MoU) के आदान-प्रदान की तैयारी है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ (पड़ोसी प्रथम) नीति के तहत दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-स्तरीय संबंधों को नई रफ्तार देगा। अपनी दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद बालेंद्र शाह 23 नवंबर की शाम को काठमांडू लौट जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *