UGC ने देशभर में 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की पहचान की

0
fake university 7826

नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने देशभर में संचालित 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की पहचान की है और छात्रों को इनमें प्रवेश लेने से बचने की चेतावनी दी है। केंद्र सरकार ने राज्यसभा में जानकारी देते हुए बताया कि ये संस्थान यूजीसी से मान्यता प्राप्त नहीं हैं और इन्हें डिग्री प्रदान करने का कानूनी अधिकार भी नहीं है।

शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने बताया कि यूजीसी ने फरवरी 2026 में फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची जारी की थी। इनमें सबसे अधिक 12 संस्थान दिल्ली में हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 4, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में 2-2 तथा अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखंड और राजस्थान में 1-1 फर्जी विश्वविद्यालय चिह्नित किए गए हैं।

यूजीसी ने यह भी चेतावनी दी है कि कुछ अनधिकृत EdTech प्लेटफॉर्म मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों के नाम पर ऑनलाइन और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) डिग्री कार्यक्रमों का प्रचार कर रहे हैं। ऐसे फ्रेंचाइज़ी मॉडल से संचालित कोर्स वैध नहीं हैं और उनसे प्राप्त डिग्रियां नौकरी, उच्च शिक्षा या सरकारी सेवाओं के लिए मान्य नहीं होंगी।

आयोग ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी विश्वविद्यालय या ऑनलाइन कोर्स में प्रवेश लेने से पहले उसकी मान्यता यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर अवश्य जांच लें। साथ ही तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए संबंधित नियामक संस्थाओं की स्वीकृति भी सुनिश्चित करें।

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित फर्जी विश्वविद्यालयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें और आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर दर्ज कर संस्थानों को बंद कराने की प्रक्रिया शुरू करें। यूजीसी ने कहा है कि छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए ऐसे संस्थानों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *