न होटल है, न महल… जानिए चीन के उस आलीशान ‘किलिन विला’ की कहानी, जहां ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग ने की ऐतिहासिक बैठक
शेनझेन/नई दिल्ली: चीन के शेनझेन शहर में आयोजित APEC शिखर सम्मेलन के दौरान पूरी दुनिया की निगाहें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ऐतिहासिक त्रिपक्षीय मुलाकात पर टिकी रहीं। इन तीन महाशक्तियों की यह अहम बैठक शेनझेन की एक सुनसान सरकारी झील के किनारे बने बेहद खास रिजॉर्ट ‘किलिन विला’ (Qilin Villa) में हुई। खास बात यह है कि यह जगह न तो कोई सामान्य होटल है और न ही कोई शाही महल।
क्यों और कब बनाया गया था किलिन विला? किलिन माउंटेन की पहाड़ी ढलानों पर बना यह फाइव-स्टार गार्डन रिजॉर्ट अपनी खूबसूरती, भव्यता और अभेद्य सुरक्षा के लिए जाना जाता है।
-
हांगकांग हैंडओवर से जुड़ा है इतिहास: शेनझेन सरकार ने इसका निर्माण मूल रूप से हांगकांग हैंडओवर के समय आने वाले चीन के शीर्ष केंद्रीय नेताओं की मेजबानी के लिए करवाया था।
-
क्यों पड़ी इसकी जरूरत: साल 1995 से 2000 तक शेनझेन के मेयर रहे ली जिबिन के अनुसार, उस दौर में शहर के फाइव-स्टार होटलों में अधिकतम 500 लोगों के बैंक्वेट की ही क्षमता थी और सुरक्षा का स्तर भी शीर्ष नेताओं के अनुकूल नहीं था। 1,000 लोगों तक के बैंक्वेट और उच्च स्तरीय सुरक्षा की जरूरत को देखते हुए ज़िली झील (Xili Lake) के पास किलिन विला तैयार किया गया।
-
इसका संचालन जून 1997 में हांगकांग हैंडओवर से ठीक पहले शुरू हुआ था।
3.8 लाख वर्ग मीटर में फैला है पूरा परिसर किलिन विला अपने विशाल क्षेत्रफल और अनूठी बनावट के कारण किसी सामान्य होटल से बिल्कुल अलग है:
-
अंतर्राष्ट्रीय वास्तुकला: करीब 3,80,000 वर्ग मीटर में फैले इस रिजॉर्ट में पांच मुख्य विला हैं, जिन्हें फ्रेंच, इटैलियन, स्पैनिश, हवाईयन और कॉन्टिनेंटल अमेरिकन शैली में बनाया गया है। इसके अलावा यहां एक अलग वीआईपी गेस्ट हाउस बिल्डिंग भी है।
-
प्राकृतिक सुंदरता: परिसर के आसपास बड़े सफारी पार्क और गोल्फ कोर्स स्थित हैं। पूरे रिजॉर्ट में 230 से अधिक प्रजातियों के पेड़-पौधे और फूल इसे एक भव्य गार्डन रिजॉर्ट का रूप देते हैं।
अभेद्य सुरक्षा और शी जिनपिंग के परिवार से पुराना नाता वैश्विक महाशक्तियों की बैठक के लिए सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है। किलिन विला के चारों ओर प्राकृतिक बफर जोन मौजूद हैं और यहां आने-जाने के रास्ते बेहद सीमित हैं, जिससे पूरे परिसर की सुरक्षा को पूरी तरह नियंत्रित करना आसान हो जाता है।
इस विला का चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के परिवार से भी गहरा जुड़ाव रहा है। कम्युनिस्ट पार्टी के इतिहासकारों द्वारा लिखी गई और 2013 में प्रकाशित किताब ‘बायोग्राफी ऑफ शी झोंगक्सुन’ के अनुसार, शी जिनपिंग के पिता शी झोंगक्सुन को कैंसर का पता चलने के बाद वे साल 2001 में अक्सर इस शांत और सुरक्षित विला में आकर रहा करते थे।
